Uttarakhand Avalanche: उत्तराखंड के चमोली जिले में माणा गांव के पास 28 फरवरी की सुबह हिमस्खलन हुआ, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। अब तक 55 में से 47 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 8 की तलाश जारी है। 28 फरवरी की रात तक 33 लोगों को बचाया गया था, और आज सुबह 14 और लोगों को निकाला गया है। इनमें से कुछ मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है। राहत और बचाव दल मौके पर जुटे हुए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से ली जानकारी, राहत कार्य जारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कर चमोली जिले में हुए हिमस्खलन और बचाव अभियान की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “जनपद चमोली में माणा के निकट हुए हिमस्खलन क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इसके उपरांत अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए, जिससे राहत एवं बचाव कार्य शीघ्र और प्रभावी रूप से संचालित हो सके। हमारी सरकार प्रभावित श्रमिकों की सुरक्षा और सहायता हेतु तत्परता के साथ कार्य कर रही है।”
राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है, और प्रभावित मजदूरों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
