दूसरे पत्रकारों के नाम पर गिफ्ट बटोरने का आरोप, कुछ लोगों की करतूत से ईमानदार पत्रकारों को झेलनी पड़ रही शर्मिंदगी
Mumbai। मुंबई में दिवाली गिफ्ट के नाम पर कुछ कथित पत्रकारों का एक अलग ही खेल सामने आ रहा है। आरोप है कि ये लोग अलग-अलग सरकारी अधिकारियों और राजनीतिक नेताओं के पास पहुंचकर दिवाली गिफ्ट के लिए दूसरे पत्रकारों के नाम तक रजिस्टर करा रहे हैं और उन नामों पर गिफ्ट हासिल कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जिन पत्रकारों के नाम का इस्तेमाल किया जा रहा है, उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं होती।
चंद लोगों की करतूत, पूरी बिरादरी की बदनामी
इस कथित खेल का सबसे बुरा असर उन ईमानदार पत्रकारों पर पड़ रहा है, जो अपनी पेशेवर गरिमा और निष्पक्षता के साथ पत्रकारिता कर रहे हैं। कुछ लोगों की निजी लालच और कथित बेईमानी के कारण पूरी पत्रकार बिरादरी को संदेह की नजर से देखा जा रहा है। यहां तक कि ईमानदार पत्रकारों को भी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है।
पत्रकारिता की गरिमा पर सवाल
दिवाली पर शुभकामनाओं और सौजन्य भेंट की परंपरा को व्यक्तिगत लाभ का जरिया बनाना पत्रकारिता की गरिमा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सवाल यह है कि दूसरों की पहचान का इस्तेमाल कर गिफ्ट हासिल करने वालों पर कौन लगाम लगाएगा? क्या संबंधित अधिकारी और राजनीतिक नेता भी गिफ्ट देने से पहले नाम और पहचान की पुष्टि करेंगे? चंद लोगों की कथित करतूतों पर चुप्पी आखिर कब टूटेगी?

