Weather Alert: मार्च का महीना खत्म होने को है, लेकिन मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा। देश के कई हिस्सों में कभी गर्मी तो कभी सर्दी का एहसास हो रहा है। पहाड़ी राज्यों में लगातार बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जबकि कुछ क्षेत्रों में पारा चढ़ता भी नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान समेत करीब 20 राज्यों में बारिश और तेज आंधी चलने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में सुहाना रहेगा मौसम
राजधानी दिल्ली में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। शनिवार को दिनभर बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 मार्च तक दिल्ली-NCR में बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और मौसम सुहाना बना रहेगा।
उत्तर प्रदेश-बिहार में अलर्ट
उत्तर प्रदेश के करीब 38 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। वहीं, बिहार के 8 जिलों में मौसम खराब रहने की आशंका है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में बिगड़ेगा मौसम
राजस्थान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके प्रभाव से अगले 2-3 दिनों तक कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि हो सकती है। मध्य प्रदेश में भी 29 मार्च से मौसम खराब रहने के संकेत हैं और अगले तीन दिनों तक बारिश व आंधी का दौर जारी रह सकता है।
पंजाब-चंडीगढ़ में तापमान गिरेगा
पंजाब और चंडीगढ़ में अगले तीन दिनों तक तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने के साथ बारिश की संभावना है। इससे अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी जारी
हिमाचल प्रदेश में 30 मार्च तक कई जिलों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। इसके बाद 31 मार्च को भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 9 अप्रैल तक पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव जारी रहने की संभावना है।
उत्तराखंड के 7 जिलों में भी अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं।
जम्मू-कश्मीर में हिमस्खलन का हादसा
जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर-लेह हाईवे पर हिमस्खलन की घटना सामने आई है, जिसमें कई वाहन बर्फ में दब गए। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि राहत और बचाव कार्य जारी है।
