मुंबई। बांद्रा बे को सुंदर, हरित और आम लोगों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में पहला कदम उठाया गया है। महाराष्ट्र के मंत्री और बांद्रा पश्चिम के विधायक आशीष शेलार ने एलके मेहता मार्ग पर नवनिर्मित पैदल मार्ग का उद्घाटन किया। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के सहयोग से गोडरेज प्रॉपर्टीज (Godrej Properties) लिमिटेड और आरसी ग्रुप (RC) ने इस मार्ग का विकास किया है। यह बांद्रा बे सौंदर्यीकरण योजना के तहत पूरी होने वाली पहली सार्वजनिक परियोजना है।
इस परियोजना का उद्देश्य पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाना और समुद्र किनारे के हिस्से को हरियाली से युक्त आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करना है। योजना के अगले चरण में समुद्र किनारे हरित सैरगाह, खुले मैदान, पालतू जानवरों के लिए पार्क, वाचन क्षेत्र और खुले रंगमंच का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा मिनी गोल्फ कोर्स और खेलकूद एवं मनोरंजन गतिविधियों के लिए अलग क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह के अवसर पर समुद्र किनारे विभिन्न सामुदायिक और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में परिवारों और बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान साइकिलिंग, पैदल चलने की गतिविधि, जुंबा और योग सत्र आयोजित किए गए। बच्चों और अन्य आगंतुकों के लिए फेस पेंटिंग, मिट्टी के बर्तन बनाने तथा दीया सजाने जैसी गतिविधियां भी रखी गईं।
इस अवसर पर आशीष शेलार (Ashish Selar) ने कहा कि बांद्रा बे मुंबई की पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण समुद्री क्षेत्र है। यहां विकसित किया गया पैदल मार्ग इसे आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना का पहला चरण है। अगले चरण में एलके मेहता मार्ग को सीधे समुद्र किनारे से जोड़ने के साथ नागरिकों के लिए विभिन्न सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
गोडरेज प्रॉपर्टीज (Godrej Properties) के मुंबई एवं महानगर क्षेत्र के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमितेश शाह ने कहा कि बेहतर पड़ोस के निर्माण का अर्थ केवल अच्छे आवास उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि लोगों के लिए उपयोगी सड़कें और सार्वजनिक स्थल विकसित करना भी है। वहीं, आरसी ग्रुप के डिजाइन एवं नियामक विभाग के प्रमुख अनूप सिंह ने इसे सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के सहयोग से सामुदायिक सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
Trending
- नौकरी का झांसा देकर 50 हजार में बेचा मजदूर, शिवसेना नेता की पहल से बचा पीड़ित
- Western Railway: दिवाली-छठ पर उधना स्टेशन प्रशासन ने 2.70 लाख यात्रियों की भीड़ किया प्रबंधन
- दिवाली गिफ्ट के नाम पर Mumbai में पत्रकारिता की साख से खिलवाड़
- Tiger Shroff की कार पर फायरिंग से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
- Mumbai में लॉन्च हुई कोरियाई तकनीक वाली स्किन टाइटनिंग और लिफ्टिंग ट्रीटमेंट
- भारतीय ब्यूटी ब्रांड्स की पहचान बढ़ाने पर जोर, जयपुर में जुटे सैलून संचालक
- KidZania मुंबई में बच्चों ने सीखी साइबर सुरक्षा की बारीकियां
- दर्द से राहत और बेहतर देखभाल पर जोर, Sukoon Nilaya की अनूठी पहल
