खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच भारत को जल्द ही द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (LPG) से भरे दो और टैंकर मिलने की उम्मीद है। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच भारतीय ध्वज वाले ‘पाइन गैस’ और ‘जग वसंत’ नामक टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की तैयारी में हैं। फिलहाल ये दोनों जहाज संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह तट के पास लंगर डाले हुए हैं और सुरक्षित मार्ग मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
इस बीच भारत सरकार ने अपने ऊर्जा आपूर्ति मार्गों की सुरक्षा को लेकर सक्रिय कूटनीतिक प्रयास तेज कर दिए हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैश्विक नेताओं से लगातार संपर्क में हैं, ताकि भारतीय टैंकरों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जा सके। उल्लेखनीय है कि ‘जग वसंत’ को भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने किराए पर लिया है, जबकि ‘पाइन गैस’ का संचालन इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड कर रही है।
वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य से दुनिया के लगभग 20-25 प्रतिशत कच्चे तेल का परिवहन होता है। हालांकि ईरान की चेतावनियों के चलते इस मार्ग पर जोखिम बढ़ा है, जिससे तेल और गैस की कीमतों में उछाल देखा जा रहा है। इसके बावजूद हाल ही में भारतीय जहाज ‘शिवालिक’ और ‘नंदा देवी’ सुरक्षित रूप से इस मार्ग को पार कर चुके हैं, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि सीमित स्तर पर वाणिज्यिक जहाजरानी जारी रह सकती है।
