मुंबई। चेतना हजारीमल सोमाणी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स, श्रीमती कुसुमताई चौधरी कॉलेज ऑफ आर्ट्स और चेतना एल्युमनाई एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक दिवस समारोह उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. संजय जगताप की पहल और मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर जूनियर और डिग्री कॉलेज के शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। तीन शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट शिक्षण कार्य और छात्रों के सर्वांगीण विकास में योगदान के लिए ‘उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार’ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ. भालचंद्र मुणगेकर ने अपने संबोधन में शिक्षकों के समर्पण और समाज निर्माण में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल छात्रों को किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं होते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य को दिशा देने का भी काम करते हैं। शिक्षकों के कार्य में समर्पण और देने की भावना विशेष रूप से सराहनीय है।
डॉ. मुणगेकर ने कहा कि शिक्षकों के लिए छात्रों में शैक्षणिक ज्ञान के साथ मानवता, संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व और नैतिक मूल्यों का भी विकास करना आवश्यक है। शिक्षा का उद्देश्य केवल बेहतर करियर तैयार करना नहीं, बल्कि अच्छे नागरिक और संवेदनशील इंसान का निर्माण भी होना चाहिए। समारोह में शिक्षकों के समर्पण, ज्ञानदान और समाज निर्माण में उनके योगदान को सम्मानपूर्वक रेखांकित किया गया।
