Harshil Kalia जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने मनोरंजन जगत की एक उभरती कलाकार की जिंदगी छीन ली। एक्ट्रेस और मॉडल हर्षिल कालिया (30) की देर रात एक कार दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से उनके परिवार, मित्रों और इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, हर्षिल कालिया काम खत्म कर देर रात अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार तेज रफ्तार में नियंत्रण खोते हुए नजर आ रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हर्षिल के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पलटी हुई कार से हर्षिल को बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसा इतना भीषण था कि उन्होंने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया था।
एंकरिंग से एक्टिंग तक का सफर
हर्षिल कालिया का करियर बहुआयामी रहा। उन्होंने अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत एक न्यूज एंकर के रूप में की थी। अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने जल्द ही मॉडलिंग और अभिनय की दुनिया में कदम रखा।
हर्षिल कई राजस्थानी म्यूजिक वीडियो में लीड एक्ट्रेस के रूप में नजर आईं और युवाओं के बीच अपनी पहचान बनाई। इसके अलावा, उन्होंने वेब सीरीज ‘क्राइम नेक्स्ट डोर’ में भी काम किया था। टीवी इंडस्ट्री में उन्होंने ‘विघ्नहर्ता गणेश’ में ‘जल परी’ के किरदार से पहचान हासिल की थी।
साल 2019 में वह ‘लव योरसेल्फ’ शो के एक एपिसोड में भी दिखाई दी थीं। जयपुर की ग्लैमर इंडस्ट्री में सक्रिय हर्षिल अपने करियर के उभरते दौर में थीं।
अधूरी रह गई एक उभरती कहानी
23 मार्च की रात वह अपने काम से लौट रही थीं, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। हर्षिल कालिया की असमय मौत ने एक होनहार कलाकार के सपनों को अधूरा छोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
