Mumbai: भायंदर के पूर्वी इलाके में अनधिकृत झोपड़ियों में लगी भीषण आग में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह घटना इंद्रलोक स्थित लोधा कॉम्प्लेक्स के पीछे खाली पड़ी जमीन पर बनी झोपड़ियों में शुक्रवार रात करीब 8 बजे हुई। आग लगने के बाद पूरे इलाके में धुएं के गुबार फैल गए, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही अग्निशमन दल और नवघर पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और आसपास के इलाकों में तेजी से फैल गई, जिससे स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर आग लगी, वहां बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर रखे गए थे। आग लगने के बाद एक के बाद एक सिलेंडर में धमाके हुए, जिससे आग और भड़क गई। इस हादसे में कई वाहन भी जलकर खाक हो गए और लोगों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घायलों का नजदीकी अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
