Kalyan: महाराष्ट्र के कल्याण स्थित मलंग रोड की नीलकंठ सोसायटी में एक सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है। फ्लैट से पिछले दो-तीन दिनों से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने मानपाड़ा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाहर से बंद फ्लैट का दरवाजा तोड़ा तो बाथरूम में एक बोरे के भीतर 37 वर्षीय हमीदुल्ला इस्लाम का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक की हत्या धारदार हथियार से की गई थी। इसके बाद शव को बोरे में भरकर बाथरूम में छिपा दिया गया। पुलिस को आशंका है कि आरोपी महिला हसीबा ने शव को जल्दी सड़ाने और खून समेत अन्य अहम सबूत मिटाने के उद्देश्य से बाथरूम का नल जानबूझकर खुला छोड़ दिया था। पूरे मामले की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है और हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
https://www.instagram.com/reel/DbBJM4ms7Nj/?igsh=ZHFqNjJjMGUyc2Rj
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि वारदात के बाद आरोपी महिला कोलकाता फरार हो गई। जाने से पहले उसने मकान मालिक को एक वॉइस मैसेज भेजा, जिसमें बाथरूम में शव होने और नल चालू होने की जानकारी दी। वॉइस मैसेज मिलने के बाद मकान मालिक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मानपाड़ा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम कोलकाता रवाना की गई है।

