पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने इसे राज्य की राजनीति में बदलाव का संकेत बताया। उन्होंने चुनाव आयोग, केंद्रीय सुरक्षा बलों और बंगाल पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि लंबे समय बाद राज्य में ऐसा चुनाव हुआ, जिसमें किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई। शाह ने कहा कि शांतिपूर्ण मतदान यह दर्शाता है कि जनता अब विकास और परिवर्तन के पक्ष में खड़ी है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमित शाह (Amit Shah) ने दावा किया कि भाजपा के आंतरिक आकलन के अनुसार पहले चरण की 152 सीटों में से पार्टी 110 से अधिक सीटों पर बढ़त हासिल कर रही है। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड मतदान ने यह स्पष्ट कर दिया है कि बंगाल की जनता अब नई सरकार चाहती है। शाह ने भरोसा जताया कि आने वाले चरणों में भी भाजपा को व्यापक समर्थन मिलेगा और राज्य में पार्टी की सरकार बनेगी।
अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर बंगाल को घुसपैठ और तुष्टीकरण की राजनीति से मुक्त कराना प्राथमिकता होगी। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को भी प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि राज्य में भयमुक्त माहौल तैयार किया जाएगा। गौरतलब है कि गुरुवार को हुए पहले चरण के मतदान में शाम 6 बजे तक करीब 91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिसे राज्य के चुनावी इतिहास में सबसे उत्साहपूर्ण मतदानों में से एक माना जा रहा है।
