Thrissur Firecrackers Factory Blast: त्रिशूर। केरल (Kerala) के त्रिशूर जिले के मुंडाथिकोड इलाके में मंगलवार दोपहर एक पटाखा निर्माण फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब आगामी त्रिशूर पूरम उत्सव के लिए आतिशबाजी की तैयारी चल रही थी। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और कुछ ही देर में फैक्ट्री परिसर आग की चपेट में आ गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज सहित आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार घायल होने वालों में अधिकतर फैक्ट्री के कर्मचारी हैं। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि भीषण गर्मी और ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे हादसा और गंभीर हो गया।
मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने घटना की जांच के आदेश देते हुए अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
